नोएडा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दादरी कट से गाजियाबाद की ओर ग्राम शाहपुर अंडरपास के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक से टकराकर वैगनआर कार पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।मृतकों की पहचान विवेक, राम और ममता के रूप में हुई है। सभी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के निवासी थे। चारों सदस्य परिवार सहित बनारस (वाराणसी) की ओर जा रहे थे।
घटना का विवरण
थाना दादरी पुलिस के अनुसार, भीलवाड़ा राजस्थान से चली HR-26-FY-8706 नंबर की वैगनआर कार ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पूर्वांचल की ओर बढ़ रही थी। आज सुबह ग्राम शाहपुर अंडरपास के पास यह कार सामने से आ रहे राजस्थान के RJ-40-GA-9877 नंबर वाले ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पलट गई।दुर्घटना में विवेक, राम और महिला ममता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार नाबालिग बच्ची गंभीर घायल अवस्था में बच गई।
पुलिस कार्रवाई
थाना दादरी पुलिस और पीआरवी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल बच्ची को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
थाना दादरी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओवरस्पीडिंग या लेन बदलने की गलती से हादसा हुआ प्रतीत होता है। अन्य अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है