मुजफ्फरनगर। जनपद में छपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे-58 पर ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सवार बच्चे समेत तीन लोग ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई। एक मृतक की शिनाख्त हरियाणा के जनपद सोनीपत निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार छपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार 6 जून को समय करीब 9ः30 बजे थाना छपार क्षेत्र के एनएच-58 पर हरिद्वार से मुजफ्फरनगर के बीच सिसौना गांव के पास ट्रक व मोटरसाइकिल की दुर्घटना होने की सूचना थाना छपार पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर, थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार, यातायात पुलिस व अन्य अधिकारीगण मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार 02 व्यक्ति एवं 01 बच्चे की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है।
मृतको में मोटरसाइकिल चालक की पहचान संदीप पुत्र रामकिशन ग्राम रामपुर थाना खरखोदा जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है तथा अन्य की पहचान हेतु प्रयास किये जा रहे है। दुर्घटना के बारे में पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से जानकारी ली गई तो मौजूद लोगों द्वारा बताया गया कि मोटर बाइक के पीछे एक बैग बंधा हुआ था।
ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक पर बंधा बैग ट्रक से टकरा गया, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई तथा ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आने से मोटरसाइकिल सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है। पुलिस के अनुसार यातायात भी सुचारू करा दिया गया है।