Bulandshahr News: जनपद के गुलावठी थाना क्षेत्र अंतर्गत चिड़ावक के पास सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बुलंदशहर से गुलावठी की ओर जा रही एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए अचानक गलत दिशा में जा घुसी और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। इसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई , जिसमें भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष संजय त्यागी के इकलौते बेटे की भी जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
मृतकों की पहचान
भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष संजय त्यागी के इकलौते बेटे अंकित त्यागी भाजपा एमएलसी अश्वनी त्यागी के भतीजे, महेश कुमार – भाजपा नेता के साथ तैनात पीएसओ, निवासी जसनावली खुर्द, कोतवाली देहात, बुलंदशहर, डॉ. आशुतोष – मेरठ के सरधना स्थित द्रोण अस्पताल के चिकित्सक बताया जा रहा है कि अंकित त्यागी और डॉ. आशुतोष दोनों ही अपने-अपने परिवार के इकलौते चिराग थे, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। तीनों लोग देर रात बुलंदशहर से मेरठ लौट रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हो गया।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को बहाल किया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने तीनों शवों की पंचायतनामा कार्रवाई पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कारण
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि क्रेटा कार तेज गति में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर पार कर गलत दिशा में चली गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।