
दिवाली मनाने घर लौट रहे दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। एक अन्य घटना में मध्य गंग नहर में टेंपो गिरने से चालक की मौत हो गई।
बाइक की भिड़ंत हो गई
भावनपुर थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव निवासी 23 वर्षीय विक्रांत दोस्त प्रशांत के साथ रविवार देर रात परीक्षितगढ़ से बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान परीक्षितगढ़ मार्ग पर सामने से आ रहे इंचौली थाना क्षेत्र के महल निवासी महेश की बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही भावनपुर थाना प्रभारी विजय राय मौके पर पहुंचे। हादसे में विक्रांत की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महेश और प्रशांत को सीएचसी भिजवाया, जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया। महेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना का जानकारी परिजन को दी। दोनों युवकों के परिजन ग्रामीणों संग रात में ही अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो युवकों की मौत के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। थाना प्रभारी विजय कुमार राय ने बताया, हादसे के समय दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। विक्रांत अविवाहित था और अपने दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। घायल तीसरे युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
50 वर्षीय अनिल कुमार टेंपो चलाते हैं
दूसरा हादसा हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में हुआ। माखन नगर निवासी 50 वर्षीय अनिल कुमार टेंपो चलाते हैं। रविवार रात एक बजे वह टेंपो लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेंपो अनियंत्रित होकर मध्य गंग नहर में गिर गया। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत हस्तिनापुर पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन सरकारी नंबर मंद मिला। लोग ग्रामीणों की मदद से अनिल को टेंपो से बाहर निकाल कर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप था कि अगर पुलिस समय रहते सरकारी नंबर पर काल को रिसीव कर लेती तो अनिल की जान बच सकती थी।