
Bulandshahr News : सिकंदराबाद क्षेत्र के गाँव शेरपुर निवासी तीन युवक शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए. तीनो दोस्तों में एक युवक सेना तैयारी कर रहा था. उसके लिए तीनो जूते खरीदने दादरी जा रहे थे. दर्दनाक हादसे के चलते क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, मोंटू (19), श्वेत (19) और रोहित (20) एक ही बाइक पर सवार होकर दादरी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रोहित सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था और दौड़ के लिए जूते लेने दादरी जा रहा था। उसके साथ गांव के ही दोस्त श्वेत और मोंटू भी बाइक पर सवार थे.
हायर कंपनी के पास डंपर की टक्कर से दर्दनाक हादसा
जैसे ही तीनों युवक हायर कंपनी के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज़ रफ़्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक डंपर के नीचे आ गए. मौके पर ही दो की मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि डंपर रॉन्ग साइड से आ रहा था. तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
गरीब परिवारों के घर टूटा पहाड़
तीनों युवक बेहद साधारण परिवारों से थे. युवाओं के सपने सड़क पर थमे . मोंटू बीए फर्स्ट ईयर और श्वेत बीए सेकंड ईयर का छात्र था। दोनों ही फौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे. हादसे की खबर मिलते ही पूरे शेरपुर गांव में कोहराम मच गया. परिजन व ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है.