परतापुर के मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप क्षेत्र में शनिवार और रविवार को भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम आसमान में हवाई करतब दिखाएगी। एयर शो की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार सुबह पांच विमानों ने उड़ान भरकर रिहर्सल की। विमानों ने फॉर्मेशन में उड़ान भरने के साथ विभिन्न हवाई करतबों का अभ्यास किया। इस दौरान वायुसेना और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले बृहस्पतिवार को मौसम खराब होने के कारण रिहर्सल नहीं हो सकी थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे विमानों ने अभ्यास किया। रिहर्सल के दौरान उड़ान मार्ग, तकनीकी व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पार्किंग स्थल, प्रवेश द्वार, मंच और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरेंगे नौ विमान
स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम एशिया की इकलौती नौ विमानों वाली एयरोबेटिक टीम है। शनिवार और रविवार को कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के नेतृत्व में टीम के नौ विमान एक-दूसरे से करीब पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरते हुए वायुसेना की पेशेवर दक्षता और सटीकता का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि एयर शो के दौरान नौ विमान एक साथ विभिन्न फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। इसके बाद कुछ विमान अलग होकर अलग-अलग करतब दिखाएंगे। विमानों के करतबों के दौरान तिरंगे के रंग वाला धुआं भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। इसके लिए विमानों में विशेष स्मोक सिस्टम लगाया गया है, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने तैयार किया है।
15 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना
एयर शो दोनों दिन सुबह करीब 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा। आयोजन में प्रवेश के लिए किसी पास या टिकट की आवश्यकता नहीं होगी। करीब 15 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने पार्किंग, प्रवेश, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम सिटी, एसपी सिटी और एसपी देहात समेत अन्य अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा के मद्देनजर हवाई क्षेत्र में अनधिकृत ड्रोन और अन्य निजी उड़ान उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा।