Rain Alert In 16 States: देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, दिल्ली, बिहार समेत 16 राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव
मौसम विभाग के अनुसार 11 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर उत्तर और पूर्वी भारत के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 14 मई तक तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
तेज हवाओं के आसार
दिल्ली में 10 मई को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 11 और 12 मई को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश में भी 10 से 14 मई के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। लखनऊ में 12 और 13 मई को बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि प्रयागराज में हल्की बारिश के साथ उमस बढ़ सकती है।
यह भी देखेंःYogi cabinet expansion: योगी कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज, कल 6 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
तेज आंधी का खतरा
बिहार में 9 से 15 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पटना समेत कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली और दरभंगा जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। झारखंड में भी रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद समेत कई इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 11 से 14 मई के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है। देहरादून, नैनीताल और उत्तरकाशी में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में भी बारिश और बर्फबारी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।