हिंदू धर्म में गुरुवार के दिन का विशेष महत्व होता है. कहते हैं कि सप्ताह का ये दिन भगवान विष्णु को समर्पित होता है. ऐसे में कई जातक विधि-विधान से भगवान विष्णुजी की पूजा- अर्चना करने के साथ ही व्रत भी रखते हैं. इससे बहुत ही शुभ फल की प्राप्ति होती है. इसके साथ ही गुरुवार के दिन पीले रंग का भी खास महत्व होता है. ऐसे में अगर आप भी इस दिन हल्दी से जुड़े कुछ विशेष उपाय कर लेते हैं, तो इससे धन संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है और आर्थिक बाधाएं भी दूर हो सकती हैं. इसके लिए आपको श्रद्धापूर्वक विष्णुजी की पूजा करने के साथ-साथ हल्दी के उपाय आजमाने से लक्ष्मीनारायण की कृपा प्राप्त होती है और धन में वृद्धि के योग बनेंगे.
विष्णु जी को अर्पित की गई गांठ तिजोरी में रखें
यदि आप धन संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं तो गुरुवार को एक छोटा सा उपाय आजमा सकते हैं. इसके लिए आप भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करके उन्हें हल्दी की गांठ अर्पित कर दें. फिर आरती करने के बाद हल्दी को उठाकर अपने घर की तिजोरी में रख दें. इसके अलावा, धन रखने वाले स्थान पर भी आप हल्दी की गांठ को रख सकते हैं. ऐसा करने से जातक को पैसों की तंगी से निजात मिल सकती है. इसके साथ ही घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होने लगती है.
तुलसी में अर्पित करें हल्दी वाला जल
आप गुरुवार के दिन सुबह के समय एक और आसान उपाय आजमा सकते हैं. इसके लिए सवेरे जल्दी उठकर स्नानादि करके भगवान विष्णु के साथ-साथ लक्ष्मी मां की भी विधि-विधान से पूजा करें. इसके बाद एक लोटा जल में थोड़ी सी हल्दी मिलाकर तुलसी के पौधे पर अर्पित कर दें. इस उपाय को गुरुवार के दिन करने से धन की देवी और विष्णुजी की विशेष कृपा प्राप्त होती है क्योंकि, तुलसी के पौधे में माता लक्ष्मी का वास माना गया है और हल्दी का सीधा संबंध विष्णुजी से होता है. यह उपाय करने से जातक की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और धन-दौलत में वृद्धि के योग बनते हैं.
चावल और हल्दी की पोटली पर्स में रखें
वहीं अगर आपका धन लंबे समय से कहीं पर अटका पड़ा है या धन प्राप्ति में बार-बार बाधाओं का सामना कर रहे हैं, तो गुरुवार को ये सरल उपाय भी करके देख सकते हैं. इसके लिए सुबह के समय भगवान विष्णु की पूजा करते समय थोड़े से चावल लेकर उन्हें हल्दी से पीला कर लें. इसके बाद, एक लाल या पीले रंग के सफेद वस्त्र में चावल और हल्दी को बांधकर पोटली बना लें. इस पोटली को मंदिर में रख दें और शाम की पूजा के बाद पोटली उठाकर अपने पर्स में रख लें. इस उपाय को करने से जातक को अटका हुआ धन वापस मिल सकता है. साथ ही धन प्राप्ति में आ रही बाधाएं भी दूर हो सकती हैं.
पीली कौड़ी और हल्दी के उपाय से करियर में ग्रोथ
आप गुरुवार के दिन धन प्राप्ति के लिए कौड़ी और हल्दी से जुड़ा सरल उपाय कर सकते हैं. इसके लिए पूजा के वक्त 7 या 11 पीली कौड़ियों के साथ हल्दी की गांठ को भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को अर्पित कर दें. इसके बाद विधि-विधान से पूजा और आरती करें. अब कौड़ी और हल्दी को उठाकर एक लाल या पीले रंग के वस्त्र में बांध लें. इस पोटली को अपनी तिजोरी या धन रखने वाले स्थान पर रखें. इससे गरीबी से राहत मिल सकती है और करियर में भी ग्रोथ होने की संभावना बन सकती है. इसके साथ ही कारोबार में भी धन लाभ के योग बनने लगते हैं.