टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होना है और उससे पहले टीम इंडिया की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी 3 फरवरी को वर्ल्ड कप कैंप से जुड़ेंगे। इसी कैंप में एक ऐसे खिलाड़ी की वापसी तय मानी जा रही है, जिसका नाम सुनते ही गेंदबाजों के माथे पर पसीना आ जाता है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि तिलक वर्मा हैं, जिनकी फिटनेस को लेकर अब राहत भरी खबर सामने आई है।
न्यूजीलैंड सीरीज से क्यों रहे बाहर
तिलक वर्मा को 2026 की शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें टेस्टिकुलर टॉरशन की सर्जरी करानी पड़ी। सर्जरी के बाद बोर्ड ने साफ किया था कि तिलक न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मुकाबलों से बाहर रहेंगे। बाद में खबर आई कि वह आखिरी दो टी20 मैचों में भी नहीं खेलेंगे। इसकी वजह साफ थी, टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता था।
अब पूरी तरह फिट तिलक वर्मा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तिलक वर्मा अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ बचे हुए मुकाबलों में उन्हें नहीं उतारा जाएगा। सीधे टी20 वर्ल्ड कप के लिए ही उनकी वापसी होगी। बताया जा रहा है कि 3 फरवरी को जब टीम इंडिया का कैंप लगेगा, तब तिलक भी उसी कैंप का हिस्सा होंगे। उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कोई परेशानी न आए।
रिस्क नहीं लेना चाहती टीम मैनेजमेंट
तिलक वर्मा का चयन पहले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में हो चुका था। चोट और सर्जरी के बाद कहा गया था कि उन्हें ठीक होने में 3 से 4 हफ्ते लगेंगे। तय समय के भीतर तिलक फिट तो हो गए, लेकिन टीम प्रबंधन जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहता। यही वजह है कि उन्हें द्विपक्षीय सीरीज से दूर रखकर सीधे वर्ल्ड कप में उतारने की रणनीति बनाई गई है।
इसे भी पढ़ें : World Cup से पहले टूटा Afghanistan का उभरता सितारा, पिता के निधन से सदमे में मिस्ट्री स्पिनर, रिजर्व में नाम लेकिन आंखों में बड़ा सपना
पहले ही मैच में टूटेगा बड़ा रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 तिलक वर्मा के लिए खास होने वाला है। जैसे ही वह मैदान में उतरेंगे, एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। तिलक अब तक टी20 क्रिकेट की 126 पारियों में 199 छक्के जड़ चुके हैं। यानी वर्ल्ड कप में उनका पहला ही छक्का उन्हें 200 छक्कों के आंकड़े के पार पहुंचा देगा। यह उपलब्धि उन्हें टी20 क्रिकेट के चुनिंदा बड़े हिटरों की सूची में शामिल कर देगी।
वर्ल्ड कप से पहले विरोधियों की बढ़ी चिंता
तिलक वर्मा की वापसी से टीम इंडिया की बल्लेबाजी और भी खतरनाक हो जाएगी। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज बड़े मुकाबलों में तेजी से रन बनाने के लिए जाना जाता है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनका फिट होकर लौटना टीम इंडिया के लिए किसी बूस्टर से कम नहीं है। अब साफ है कि जैसे ही तिलक मैदान में उतरेंगे, छक्कों की बारिश तय मानी जा रही है और विरोधी टीमें पहले ही सतर्क हो चुकी हैं।