टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में होगी। इस मैच को लेकर पहले काफी अनिश्चितता रही, लेकिन अब तारीख तय होने के बाद रोमांच और बढ़ गया है। दोनों टीमों पर जीत का दबाव साफ नजर आ रहा है। ऐसे माहौल में टीम इंडिया की तैयारी कैसी है, इस पर स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने खुलकर बात की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुली तैयारी की पोल
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले तिलक वर्मा मीडिया से रूबरू हुए। उनसे पूछा गया कि जब पाकिस्तान के साथ मैच को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, तब टीम की सोच क्या थी। क्या तैयारी रुकी थी या पाकिस्तान को ध्यान में रखकर रणनीति बन रही थी? इस सवाल पर तिलक ने साफ जवाब दिया।
हर हाल में तैयार है टीम
तिलक वर्मा ने कहा कि टीम इंडिया हर परिस्थिति के लिए तैयार थी। उन्हें दो दिन पहले ही साफ जानकारी मिली कि मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन तैयारी पहले से जारी थी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं और मानसिक रूप से भी बड़े मैच के लिए खुद को तैयार कर चुके हैं।
सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, सब पर नजर
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा कि टीम सिर्फ पाकिस्तान पर ही नहीं, बल्कि बाकी सभी टीमों के प्रदर्शन पर भी नजर रखे हुए है। कौन सा खिलाड़ी कैसी बल्लेबाजी कर रहा है और गेंदबाज किस तरह की रणनीति अपना रहे हैं, इन सब पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तैयारी व्यापक है और हर पहलू पर काम हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : IPL 2026 से पहले मचेगा तूफान, DY Patil टूर्नामेंट में दिख सकता है Vaibhav Suryavanshi का जलवा
पाकिस्तान से भिड़ने को बेताब खिलाड़ी
तिलक ने बताया कि टीम के बल्लेबाज पाकिस्तान के गेंदबाजों की ताकत और कमजोरी को समझ रहे हैं। वहीं भारतीय गेंदबाज भी विरोधी बल्लेबाजों की शैली का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ खेलने को पूरी तरह तैयार है और इस बड़े मैच का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
पाकिस्तान के खिलाफ तिलक का रिकॉर्ड
तिलक वर्मा का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड भी दमदार रहा है। उन्होंने अब तक खेले 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 130 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 69 रन है। इसके अलावा उन्होंने 3 विकेट भी हासिल किए हैं। ऐसे में 15 फरवरी को होने वाले इस महामुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।