
होबार्ट टी20 में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज टिम डेविड ने ऐसी आतिशबाज़ी की जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. भारत के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में डेविड ने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा लेकिन सबसे बड़ा धमाका तो तब हुआ जब उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर ऐसा छक्का लगाया जो इतिहास में दर्ज हो गया. क्यूंकि ये छक्का 100-110 नहीं बल्कि 129 मीटर लंबा छक्का था. जो इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास का सबसे लंबा छक्का बन गया. इस एक शॉट ने ना सिर्फ होबार्ट की छत हिला दी, बल्कि क्रिकेट फैंस को भी हैरान कर दिया.
अक्षर पटेल के ओवर में किया कमाल!
बता दें ऑस्ट्रेलियाई पारी के 7वां ओवर में गेंदबाज अक्षर पटेल की गेंद पर टिम डेविड ने ये कमाल किया. अक्षर ने फुल लेंथ गेंद डाली, लेकिन डेविड ने बिना किसी दया के उसे सीधा स्टेडियम की छत पर पहुँचा दिया. गेंद की दूरी 129 मीटर मापी गई. इस ओवर में उन्होंने दो छक्के जड़े और भारतीय गेंदबाजों के चेहरों से रंग उड़ा दिया. इससे पहले मिचेल मार्श ने 124 मीटर का छक्का लगाया था, लेकिन अब टिम डेविड ने उन्हें भी पीछे छोड़ दिया है.
शिवम दुबे पर बरसे चौके-छक्के
अक्षर के बाद शिवम दुबे की बारी आईं और डेविड ने यहां भी कोई रहम नहीं दिखाया. अगले ओवर में उन्होंने शिवम की गेंदों की ऐसी धुनाई की कि दर्शक कुर्सियों से उठ खड़े हुए. तीन चौके और बेहतरीन टाइमिंग के दम पर उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. हालांकि डेविड की तूफानी पारी का अंत शिवम दुबे ने ही किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. मैदान धुआँ-धुआँ हो चुका था और भारत के गेंदबाज़ों के पास कोई जवाब नहीं बचा था.
डेविड ने खास रिकॉर्ड भी रचा
सिर्फ छक्कों से ही नहीं, डेविड ने रिकॉर्ड्स से भी खेला. इस पारी के दौरान उन्होंने इंटरनेशनल टी20 में अपने 100 छक्के भी पूरे कर लिए. ऐसा करने वाले वो सबसे तेज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए है. दुनिया में उनसे आगे सिर्फ वेस्टइंडीज़ के एविन लुईस हैं, जिन्होंने 789 गेंदों में ये कारनामा किया था.