Kitchen Hacks : रोजाना रोटी या चपाती बनाने के लिए आटा गूंथना जरूरी है, लेकिन कई लोगों को यह काम काफी मेहनत वाला लगता है. खासकर जब जल्दी में खाना तैयार करना हो, तब हाथ से आटा गूंथने में समय भी लगता है और हाथ भी गंदे हो जाते हैं. अगर आप भी इस काम से बचना चाहते हैं, तो कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद ले सकते हैं। इन तरीकों में न मशीन की जरूरत पड़ती है और न ही आटे को हाथ से गूंथने की जरूरत होती है.
पहला तरीका: बर्तन की मदद से गूंथें आटा
सबसे पहले एक बड़े और गहरे बर्तन में जरूरत के अनुसार आटा लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालें और साथ में चम्मच या स्पैटुला से इसे मिलाते रहें। एक साथ ज्यादा पानी डालने से आटा बहुत गीला हो सकता है, इसलिए पानी धीरे-धीरे डालना बेहतर रहेगा.
जब आटा एक जगह इकट्ठा होकर नरम लगने लगे, तो इसे ढककर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. थोड़ी देर बाद आटा ज्यादा मुलायम हो जाएगा और इसे बेलना आसान रहेगा.
दूसरा तरीका: ढक्कन वाले डिब्बे से करें काम
इस तरीके के लिए आटा और पानी को किसी बड़े ढक्कन वाले कंटेनर में डालें. अब डिब्बे को अच्छी तरह बंद करके कुछ देर तक हल्के हाथों से हिलाएं। इससे पानी और आटा आपस में अच्छी तरह मिल जाएंगे और मिश्रण एक साथ आने लगेगा.
इसके बाद डिब्बे को खोलकर आटे को कुछ मिनट ढककर रखें. जरूरत लगे तो चम्मच से थोड़ा सा समतल कर लें। आराम करने के बाद आटा नरम और लचीला हो सकता है.
फूली चपाती के लिए रखें इन बातों का ध्यान
आटा न ज्यादा सख्त रखें और न बहुत पतला. गूंथने के बाद इसे कम से कम 10-15 मिनट ढककर रखने से चपाती बेलना आसान हो सकता है. तवा अच्छी तरह गर्म होने पर रोटी सेंकें और सही तापमान बनाए रखें। इससे चपाती नरम और फूली हुई बनाने में मदद मिल सकती है. इन दोनों तरीकों से आटा गूंथने का काम आसान हो सकता है और रोज की रसोई में आपका समय भी बच सकता है.