Healthy Tasty Recepie : गर्मियों के मौसम में हर दिन एक जैसी दाल और सब्जी खाकर अगर परिवार बोर हो गया है, तो इस बार लंच में कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने की कोशिश करें। दही तड़का आलू एक ऐसी डिश है जो कम समय में तैयार हो जाती है और खाने में बेहद लाजवाब लगती है। दही की खटास और मसालों का तड़का आलू के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। यही वजह है कि यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है.
दही तड़का आलू के लिए आवश्यक सामग्री
दही तड़का आलू बनाने के लिए 4 से 5 उबले हुए आलू, 1 कप ताजा दही, 1 बड़ा चम्मच तेल या घी, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 चुटकी हींग, 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक, थोड़ा सा गरम मसाला और हरा धनिया चाहिए होगा.
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लें। अब एक बाउल में दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गांठ न रहे। इसके बाद एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा और हींग डालकर तड़कने दें। फिर हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड तक भूनें.
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें. मसालों को हल्का सा भूनने के बाद कटे हुए आलू डालकर अच्छी तरह मिला लें। आलू को 2 से 3 मिनट तक मसालों के साथ पकाएं ताकि उनमें मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाए.
दही डालते समय रखें यह ध्यान
जब आलू अच्छे से भुन जाएं, तब गैस की आंच धीमी कर दें और फेंटा हुआ दही डालें। दही डालने के बाद लगातार चलाते रहें, जिससे दही फटे नहीं। यदि आपको थोड़ी ग्रेवी पसंद है तो इसमें थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं। इसके बाद 4 से 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें.
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
अंत में गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। चाहें तो ऊपर से देसी घी का हल्का तड़का भी लगा सकते हैं। इससे डिश का स्वाद और सुगंध दोनों बढ़ जाते हैं. दही तड़का आलू को आप रोटी, पराठे, पूरी या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं। इसका खट्टा-तीखा स्वाद खाने वालों को इतना पसंद आएगा कि घरवाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे और बार-बार इसे बनाने की फरमाइश करेंगे.