पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के हलियापुर टोल प्लाजा पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर लगे ATMS CCTV का दुरुपयोग कर लोगों की निजी गतिविधियों के वीडियो बनाए जाते हैं और फिर उनसे पैसे वसूले जाते हैं। विवाद उस समय बढ़ गया जब एक नवविवाहित जोड़े का किस करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया गया और कथित रूप से ब्लैकमेल कर उनसे रुपये ऐंठे गए। आरोपों के अनुसार, रुपए लेने के बाद भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। हालांकि टोल मैनेजर ने इस मामले को पूरी तरह खारिज किया है और कहा है कि जांच जारी है।
महिलाओं के वीडियो बनाने का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि टोल प्लाजा पर लगे कैमरों की दिशा जानबूझकर आसपास के गांवों जरईकला, हलियापुर और गौहनियां की ओर मोड़ दी जाती है। आरोप है कि शौच के लिए बाहर जाने वाली महिलाओं और घर से बाहर निकलने वाली लड़कियों के वीडियो रिकॉर्ड किए जाते हैं। फिर इन महिलाओं और परिवारों से संपर्क कर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता है। दो महीने पहले मिल्कीपुर के एक युवक से इसी तरह वीडियो दिखाकर 10,000 रुपये की वसूली का मामला भी सामने आया है। ट्रक चालक और महिला से जुड़ी एक और घटना में भी पैसे लिए जाने का आरोप है।
ये भी पढ़ें : 26 January परेड का पास कैसे मिलता है, आम लोगों के लिए सबसे आसान तरीका आया सामने, पढ़ें
नवविवाहिता से 32,000 रुपये वसूले जाने का दावा
25 अक्टूबर को एक नवविवाहित जोड़ा आजमगढ़ से लखनऊ जा रहा था। गाड़ी टोल से कुछ पहले रुकी, उसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन को किस किया। आरोप है कि CCTV को जूम करके इसका वीडियो बनाया गया और फिर ब्लैकमेलिंग कर युवक से 32,000 रुपये ले लिए गए। बताया गया कि वीडियो माइल स्टोन 93 के पास रिकॉर्ड किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, पैसे देने के बाद भी वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जिससे पीड़ित जोड़े पर मानसिक दबाव बढ़ गया।
टोल मैनेजर ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा
टोल प्लाजा मैनेजर ने कहा कि उनके स्टाफ में सात कर्मचारी हैं और वीडियो वायरल करने का काम उन्हीं में से किसी एक ने किया होगा। उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया और दावा किया कि उन्होंने किसी से पैसा नहीं लिया है। मैनेजर का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी कर्मचारी जल्द पकड़े जाएंगे। दूसरी ओर, बढ़ते विवाद ने सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या हाईवे पर लगी तकनीक जनता की सुरक्षा के लिए है या उनके शोषण का नया जरिया बनती जा रही है।