देशभर के वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब हर यात्रा में टोल टैक्स देने की झंझट खत्म होने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ‘वार्षिक FASTag पास’ सर्विस शुरू की है। इस नई सुविधा के तहत केवल 3000 रुपए में सालभर में 200 बार टोल क्रॉस करने की अनुमति मिलेगी। ग्वालियर समेत देश के सभी प्रमुख टोल प्लाजा इस योजना से जुड़ रहे हैं।
सालभर के लिए एक पास, 200 बार टोल फ्री क्रॉसिंग
नए नियम के अनुसार, वाहन मालिकों को बार-बार FASTag रिचार्ज कराने या हर यात्रा में कटने वाले टोल शुल्क की चिंता नहीं करनी होगी। ‘Annual FASTag Pass’ एक्टिवेट करने के बाद आप पूरे साल में 200 बार तक टोल पार कर सकते हैं। यह सुविधा केवल गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए लागू है।
ऐप से ही होगा पूरा प्रोसेस
अब किसी सरकारी दफ्तर या एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं। ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर वाहन नंबर और FASTag को लिंक करें, फिर ‘Annual Pass’ विकल्प चुनें। भुगतान के बाद पास अपने आप एक्टिवेट हो जाएगा। पूरा प्रोसेस डिजिटल और पेपरलेस रहेगा।
ग्वालियर के चार टोल प्लाजा हुए शामिल
इस योजना से ग्वालियर के चार प्रमुख टोल प्लाजा – मेहरा, पनिहार, बरेठा और छौंदा – जुड़ गए हैं। इन मार्गों पर आमतौर पर हर महीने यात्रियों को बार-बार टोल कटाने में 3000 रुपए तक का खर्च आता था, जो अब एक पास से ही पूरे साल के लिए निपट जाएगा।
समय और पैसा दोनों की होगी बचत
वार्षिक FASTag पास से जहां ड्राइवरों का समय बचेगा, वहीं ट्रैफिक जाम और लंबी लाइनों से भी राहत मिलेगी। डिजिटल व्यवस्था से हाइवे पर यात्रा और भी तेज़ और आसान हो जाएगी। यह पहल आने वाले दिनों में देश के सभी 1150 टोल प्लाजा पर लागू होगी।