International Career Opportunities: आजकल भारतीय छात्रों के बीच अंडरग्रेजुएट (UG) लेवल से ही विदेश जाने का क्रेज तेजी से बढ़ा है। स्टूडेंट्स अब उन संस्थानों को प्राथमिकता दे रहे हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत है और जहां से विदेशी कंपनियों में प्लेसमेंट का रास्ता आसान हो। भारत में भी ऐसे कई संस्थान मौजूद है। अगर आप भी 12वीं के बाद ग्लोबल करियर का सपना देख रहे हैं, तो भारत के ये संस्थान आपके लिए सबसे बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT)
इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दुनिया की पहली पसंद बने हुए हैं। खासतौर पर आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी मद्रास, आईआईटी कानपुर और आईआईटी खड़गपुर के छात्रों को अमेरिका, कनाडा, यूरोप, जापान और सिंगापुर के कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलते हैं। यहां रिसर्च और इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स पर विशेष ध्यान दिया जाता है। कई दिग्गज मल्टीनेशनल कंपनियां सीधे कैंपस से छात्रों को करोड़ों के पैकेज पर भर्ती करती हैं।
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में बनाई जगह
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में भारत की रिकॉर्ड 54 यूनिवर्सिटीज ने लिस्ट में जगह बनाई है, जिससे भारत दुनिया का चौथा सबसे मजबूत प्रतिनिधित्व वाला देश बन गया है। रैंकिंग में आईआईटी दिल्ली 123 वें स्थान पर रही है, आईआईटी बॉम्बे 129वें और आईआईटी मद्रास 180 वें स्थान पर है। वहीं, आईआईटी खड़गपुर, आईआईटी कानपुर और आईआईएससी बैंगलोर भी टॉप 250 में शामिल है। इसके अलावा डीयू (DU), जेएनयू (JNU) और अन्ना यूनिवर्सिटी भी ग्लोबल और एशिया रैंकिंग में टॉप पर हैं।
यह भी पढ़ें: NEET (UG) 2026: एनटीए ने किया नीट यूजी एग्जाम की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को होगी परीक्षा
विदेश में पढ़ाई के लिए ये यूनिवर्सिटीज भी टॉप पर
अगर आप सीधे विदेश से अंडरग्रेजुएट (UG) करना चाहते हैं, तो यूनाइटेड किंगडम की कई यूनिवर्सिटीज प्लेसमेंट के लिए जानी जाती हैं। इसमें यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज, ऑक्सफोर्ड, एडिनबर्ग और वारविक शामिल है। ये संस्थान इंटर्नशिप और ग्लोबल नेटवर्किंग के लिए बेस्ट माने जाते हैं। यूके के अलावा अमेरिका, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड और कनाडा की यूनिवर्सिटीज भी अंतरराष्ट्रीय छात्रों को बेहतरीन वर्क वीजा और नौकरी के अवसर प्रदान करती हैं।
डिमांड में हैं ये कोर्सेज
विदेश में नौकरी पाने के लिए सही संस्थान के साथ सही कोर्स का होना भी अनिवार्य है। इस समय टेक्नोलॉजी, डाटा, हेल्थ केयर और बिजनेस से जुड़े कोर्स की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी डिमांड है। IT और टेक सेक्टर में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्र तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, डाटा साइंटिस्ट, मशीन लर्निंग, इंजीनियर और एआई इंजीनियरिंग जैसे प्रोफेशनल्स को दुनिया भर में हाई पैकेज पर नौकरी मिल रही है। इसके अलावा बिजनेस और हेल्थकेयर में फाइनेंशियल एनालिस्ट, बिजनेस एनालिस्ट और इन्वेस्टमेंट सेक्टर में भी विदेशी कंपनियों में अच्छे अवसर मिलते हैं।