Tourist bus conductor killed: हापुड़ बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार रात को राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर राजा जी ढाबे के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से टूरिस्ट बस के कंडक्टर की मौत हो गई। मृतक की पहचान वकील शाह (45 वर्ष) पुत्र शौकीन शाह, निवासी ग्राम ढेरपुर कला, थाना दातागंज, जनपद बदायूं के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वकील शाह टूरिस्ट बस पर कंडक्टर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात करीब 12 बजे बस राजा जी ढाबे/होटल के पास रुकी हुई थी। कुछ सामान लेने के लिए वकील शाह हाइवे पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा पूरा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना स्थल से संबंधित वाहन को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों द्वारा तहरीर दिए जाने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। आरोपी चालक की तलाश में पुलिस छानबीन कर रही है।