Toyota New Launch: जब भी भारत में एक आरामदायक, प्रीमियम और बेहतरीन लुक वाली 7 सीटर कार की बात होती है, तो टोयोटा की इनोवा का नाम सबसे पहले आता है। इसी कड़ी में कंपनी ने इंटरनेशनल मार्केट में अपनी लोकप्रिय MPV का नया Toyota Innova Hycross Facelift मॉडल पेश कर दिया है। कंपनी जल्द ही इस भारतीय बाजार में भी लॉन्च करने वाली है। अगर आप भी परिवार के लिए एक बड़ी और प्रीमियम कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं इस नई इनोवा हाइक्रॉस फेसलिफ्ट में क्या-क्या नए फीचर्स दिए गए हैं।
केबिन
नई इनोवा हाइक्रॉस फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा बदलाव इसके डैशबोर्ड और इंटीरियर में किया गया है। कार में पुराना टचस्क्रीन हटाकर 12.3-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो नए सॉफ्टवेयर और बहुत ही साफ-सुथरे लेआउट के साथ आता है। इसके अलावा ड्राइवर के सामने मिलने वाले एनालॉग/ पुराने कंसोल की जगह अब 12.3-इंच का फुल टीएफटी डिजिटल ड्राइवप डिस्प्ले मिलेगा। साथ ही भारतीय बाजार के हिसाब से कार की सीट अपहोल्स्ट्री और कलर थीम में भी कुछ नए विकल्प देखने को मिल सकते हैं।
पावरफुल इंजन
इंजन के मामले में नई इनोवा हाइक्रॉस में मौजूदा मॉडल वाले ही पावरफुल और भरोसेमंद इंजन ऑप्शन मिलते रहेंगे। इसमें 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 2.0-लीटर पेट्रोल-इलेक्ट्रिक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सेटअप मिलेगा। भारतीय बाजार में हाइक्रॉस का हाइब्रिड वेरिएंट सबसे ज्यादा लोकप्रिय है. लेकिन भारत में इसका नया फ्लेक्स-फ्यूल वेरिएंट देखने को मिल सकता है।
कम्फर्ट में बड़ा अपग्रेड
यात्रियों के आराम और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कार में दो बड़े हाई-टेक फीचर्स जोड़े गए हैं। सेकंड रो में मिलने वाली कैप्टन सीट्स अब ऑटोमैटिक होंगी। यानि पैसेंजर्स अब सिर्फ एक बटन दबाकर अपनी सीट एडजस्ट कर सकेंगे। अगर आपके दोनों हाथों में सामान या सूटकेस है, तो आपको डिग्गी खोलने के लिए चाबी या बटन दबाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पिछले बंपर के नीचे सिर्फ पैर हिलाकर बूट आसानी से खुल जाएगा।
भारत में कब होगी लॉन्च
भारतीय बाजार के लिए तैयार किए जाने वाले मॉडल का एक्सटीरियर डिजाइन अंतरराष्ट्रीय मॉडल से थोड़ा अलग हो सकता है। इसमें भारत के ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए ज्यादा क्रोम एलिमेंट्स और एग्रेशिव स्टाइलिंग देखने को मिल सकती है। टोयोटा जल्द ही भारत के लिए इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख का ऐलान करेगी।