
UP International Trade Show: उत्तर प्रदेश सरकार ने खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने घोषणा की कि 9 से 16 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में आठ दिवसीय ट्रेड शो आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रेड शो में उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे।
एमएसएमई सेक्टर को नई ताकत मिली
यह घोषणा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे दिन “खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन” सेमिनार में की गई। मंत्री राकेश सचान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब में कटौती से एमएसएमई सेक्टर को नई ताकत मिली है। पहले ट्रेड शो केवल मंडल स्तर पर होते थे, लेकिन यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की सफलता को देखते हुए अब इसे जिला स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इन आयोजनों में खादी, टेक्सटाइल, और ODOP सहित विभिन्न सेक्टर के उद्यमी हिस्सा लेंगे। अधिकारियों को उपयुक्त स्थानों के चयन के निर्देश दे दिए गए हैं।
खादी को युवाओं से जोड़ने की पहल
मंत्री ने खादी उत्पादन और शोरूम की घटती संख्या पर चिंता जताई और कहा कि सरकार इस दिशा में विशेषज्ञों व स्टेकहोल्डर्स के साथ विमर्श कर रही है। युवाओं को खादी से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों में खादी शोरूम खोलने की योजना पर भी काम चल रहा है।
पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए बेहतर
राकेश सचान ने बताया कि बाजार के अधिकांश कपड़े पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं, जबकि खादी पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित है। उन्होंने खादी को महंगा मानने की धारणा को खारिज करते हुए कहा कि यह अन्य कपड़ों की तुलना में सस्ती और टिकाऊ है।
मोदी सरकार के प्रयासों से खादी की बिक्री दोगुनी
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खादी को नई पहचान मिली है। डिजाइन और तकनीक के साथ खादी को जोड़ने के प्रयासों से बीते वर्षों में इसकी बिक्री में दोगुनी से अधिक वृद्धि हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा, “खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि एक विचार है।”यह पहल न केवल खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करेगी।