अगर आपने ट्रैफिक नियम तोड़े हैं और अब तक चालान नहीं भरा है, तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. अगली लोक अदालत की तारीख तय हो गई है जहां आप अपने पुराने ट्रैफिक चालान को मामूली फीस देकर या बिना जुर्माने के निपटा सकते हैं. यह खास मौका है उन लोगों के लिए जो लंबे समय से चालान की रकम भरने से बचते आ रहे हैं या जिनका चालान बढ़कर बोझ बन गया है.
अगली लोक अदालत कब लगेगी?
13 सितंबर 2025 को देश के अलग-अलग हिस्सों में लोक अदालत का आयोजन होगा. दिल्ली में भी इसी तारीख को लोक अदालत लगाई जाएगी. इस दिन जिला और सत्र न्यायालय, उप-मंडल न्यायालय और ट्रैफिक कोर्ट्स में खास इंतजाम होंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने केस निपटा सकें.
किन मामलों का हो सकता है निपटारा?
लोक अदालत में सिर्फ ट्रैफिक चालान ही नहीं, बल्कि कई और मामलों का भी हल निकाला जा सकता है. जैसे: ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े चालान (ऑनलाइन या ऑफलाइन), बिजली और पानी के बिल से जुड़े विवाद, बैंक लोन का सेटलमेंट, बीमा क्लेम से जुड़े केस और चेक बाउंस जैसे मामले. यह मौका लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचकर सस्ते और जल्दी निपटारे के लिए बेहतरीन है.
किस तरह के चालान माफ या कम हो सकते हैं?
लोक अदालत में सामान्य ट्रैफिक नियम के उल्लंघन जैसे- हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना, रेड लाइट तोड़ना जैसे मामूली मामलों में चालान को माफ या कम किया जा सकता है. लेकिन अगर मामला किसी दुर्घटना या आपराधिक गतिविधि से जुड़ा है, तो उसका निपटारा लोक अदालत में नहीं किया जाता.
लोक अदालत में रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
लोक अदालत में शामिल होने के लिए पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होता है. यह रजिस्ट्रेशन लोक अदालत लगने से 4-5 दिन पहले शुरू होता है. रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया:
1. NALSA की वेबसाइट https://nalsa.gov.in पर जाएं
2. "Online Application" लिंक पर क्लिक करें
3. "Legal Aid Application Form" भरें
4. मांगी गई सारी जानकारी भरकर फॉर्म सबमिट करें
5. रजिस्ट्रेशन के बाद आपके पास एक कन्फर्मेशन ईमेल और टोकन नंबर आएगा इसी टोकन नंबर से आप अपनी अपॉइंटमेंट तय कर सकते हैं.
लोक अदालत में क्या-क्या लेकर जाएं?
अपनी अपॉइंटमेंट वाले दिन लोक अदालत में ये दस्तावेज साथ ले जाना जरूरी है-
ड्राइविंग लाइसेंस
गाड़ी के कागजात
टोकन नंबर और अपॉइंटमेंट लेटर
पहचान पत्र
इन दस्तावेजों से आपका केस जल्दी और आसानी से निपटाया जाएगा.
क्यों न छोड़ें यह मौका?
लोक अदालत एक आसान, सस्ती और तेज कानूनी व्यवस्था है, जहां आप बिना कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाए अपने चालान या अन्य मामलों का निपटारा कर सकते हैं. तो अगर आपके ऊपर ट्रैफिक चालान बकाया है, तो इस लोक अदालत का जरूर फायदा उठाएं.