बुलंदशहर। बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा गांव फतेहगढ़ भट्टे के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान आयुष (22 वर्ष) और सूरज (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और किसी काम से बाइक द्वारा जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अहमदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही वाहन व चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।