
Accident in Bengaluru: बेंगलुरु की आईटी सिटी में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे कपल का शव उनके किराए के फ्लैट से बरामद किया गया। मृतकों की पहचान ओडिशा के रहने वाले 25 वर्षीय सीमा नायक और 23 वर्षीय राकेश नायक के रूप में हुई है। दोनों बेंगलुरु में नौकरी करते थे — राकेश एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करता था, जबकि सीमा पास के सुपरमार्केट में नौकरी करती थी। पुलिस का कहना है कि मौत दो दिन पहले हुई होगी, लेकिन दिवाली के दिन जब घर से तेज बदबू आने लगी, तब पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दरवाजा न खुलने पर खिड़की तोड़ी गई और अंदर दोनों के शव मिले।
झगड़े के बाद आत्महत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राकेश को शराब पीने की आदत थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस झगड़े के दौरान उनके साथ रहने वाला एक दोस्त नाराज होकर घर छोड़कर चला गया था। पुलिस को संदेह है कि इसके बाद राकेश ने खुदकुशी की और सीमा ने सदमे में आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पड़ोसियों की सूझबूझ से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने जब कई घंटों तक कोई हलचल नहीं देखी और घर से दुर्गंध फैलनी शुरू हुई, तो उन्होंने पहले खुद दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने खिड़की तोड़ी और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या या किसी और वजह से मौत हुई, यह जांच के बाद ही साफ होगा। फिलहाल, पुलिस परिवारजनों से संपर्क कर रही है और घटना के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।