उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह एक बुहत ही दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें बदरीनाथ यात्रा के लिए जा रहे यात्रियों से भरा एक टेंपो‑ट्रेवलर कंट्रोल खोकर सीधे अलकनंदा नदी में जा गिरा. वाहन में चालक सहित 19 लोग सवार थे, जिनमें से 17 लोग एक ही परिवार के थे. यह परिवार राजस्थान के उदयपुर का था. मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया. जिसमें अब तक 9 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और एक लापता महिला का शव बरामद हुआ है. इसमें तीन यात्री अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं और कुछ अभी भी लापता हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की. साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
बदरीनाथ हाईवे पर भयावह हादसा
31 सीटों वाली टेंपो-ट्रैवलर में लगभग 19 यात्री चालक समेत सवार थे. उसमें 17 एक ही परिवार के सदस्य थे. आज सुबह यह रुद्रप्रयाग, घोलतीर के पास अचानक नियंत्रण खो बैठा और अलकनंदा नदी में जा गिरा.
लापता महिला का शव धारी देवी के पास मिला
रुद्रप्रयाग हादसे में लापता गौरी सोनी का शव धारी देवी के समीप अलकनंदा नदी से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुँचकर तुरंत तलाशी और रेस्क्यू अभियान शुरू किया.
परिवार के 17 सदस्य वाहन में सवार थे
वाहन में सवार 17 लोग एक ही परिवार के सदस्य थे. जो उदयपुर राजस्थान से चारधाम यात्रा पर निकले थे. सभी परिवार के सदस्य केदारनाथ दर्शन के बाद आज सुबह बदरीनाथ की ओर रवाना हुए, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ. पुलिस, SDRF और जिले के प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया.
नौ बचाए गए, तीन की दर्दनाक मौत
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि दुर्घटनास्थल से अब तक कुल नौ लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें से तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी है. जिनमें दो महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं. इसके अलावा आठ घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जिनमें कुछ छोटे बच्चे भी शामिल हैं. वहीं अन्य यात्रियों के लापता होने की आशंका बनी हुई है और उनकी तलाश के लिए बचाव कार्य जारी है.
तीन यात्री गाड़ी से बाहर नदी में गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान तीन यात्री वाहन से बाहर छिटक कर सीधे गहरी नदी में गिर गए. उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं अन्य यात्रियों को अलकनंदा नदी की तेज धारा में बहते हुए देखा गया. घटनास्थल से एक शव नदी में बहकर शिवपुरी क्षेत्र में मिला और उसे भी रेस्क्यू कर निकाला गया.
तेज बहाव और दुर्गम इलाके ने रोका राहत कार्य
एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने अलकनंदा नदी में बचाव अभियान तेज कर दिया है. लेकिन क्षेत्र की तेज नदीधारा और दुर्गम क्षेत्र राहत कार्य में बाधक बन रहे हैं. इस घटनाक्रम से तहसील और आसपास के इलाकों में शोक और भय का माहौल है. वहीं दुर्घटना के निर्णायक कारणों की जांच फिलहाल जारी है.
सीएम धामी ने दुःख जताया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग में टेंपो‑ट्रैवलर हादसे पर “गहरा दुखद” जताया. उन्होंने X पर लिखा कि एसडीआरएफ और संबंधित बचाव दल युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं और वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में बने हुए हैं. मुख्यमंत्री ने सभी की सलामती की ईश्वर से प्रार्थना भी की.
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
आठ यात्री गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं:
1. दीपिका सोनी, उम्र 42, सिरोही मीना वास, राजस्थान
2. हेमलता सोनी, उम्र 45, प्रताप चौक, गोगुण्डा, राजस्थान
3. ईश्वर सोनी, उम्र 46, E‑202 पर्वत सिलिकॉन पैलेस, पास आर्चना स्कूल, गुजरात
4. अमिता सोनी, उम्र 49, बिल्डिंग नंबर 3, मीरा रोड, महाराष्ट्र
5. भावना ईश्वर सोनी, उम्र 43, E‑202 पर्वत सिलिकॉन पैलेस, पास आर्चना स्कूल, गुजरात
6. भव्य सोनी, उम्र 7, E‑202 सिलिकॉन पैलेस, बाम्बे मार्केट, पास आर्चना स्कूल, गुजरात
7. पार्थ सोनी, उम्र 10, वार्ड‑11, वीर सावरकर मार्ग, राजगढ़, मध्य प्रदेश
8. सुमित कुमार (चालक), उम्र 23, बैरागी कैंप, हरिद्वार (पुत्र नरेश कुमार)
ये सभी घायल रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय और ऋषिकेश AIIMS में भर्ती हैं.