हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मेरठ रोड तिराहा पर शुक्रवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ स्थित सुलभ शौचालय के बाहर खुले पड़े बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक मेरठ तिराहा स्थित शौचालय के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वह अचानक रास्ते में लटक रहे बिजली के तार की ज़द में आ गया। करंट का तेज़ झटका लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष चौहान ने बताया कि शुरुआती जाँच में सामने आया है कि मृतक अक्सर इसी इलाके में घूमता था और लोग उसे 'लंबू' कहकर बुलाते थे। उसके हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सादिकपुर की मढैया का रहने की संभावना जताई जा रही है, जहाँ पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।