बुलंदशहर, नेशनल हाईवे-34 पर खुर्जा–शिकारपुर कट के पास शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से एक बैलगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बैलगाड़ी चालक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि बैल की भी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान 50 वर्षीय महावीर पुत्र कालीचरण, निवासी गांव बगराई के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि महावीर खुर्जा से बैलगाड़ी लेकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह NH-34 पर खुर्जा–शिकारपुर कट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैलगाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि महावीर गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही खुर्जा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महावीर को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया. हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले जानलेवा हादसों की गंभीर तस्वीर पेश करता है.