दौराला। सोमवार की सुबह हाईवे पर दादरी ओवरब्रिज के निकट आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि दरभंगा (बिहार) निवासी ट्रक चालक जितेंद्र दिल्ली से सहारनपुर की ओर जा रहा था। उसके पीछे फर्रुखाबाद निवासी 40 वर्षीय सदानंद कैंटर लेकर चल रहा था। सोमवार तड़के दादरी ओवरब्रिज के पास पहुंचने पर चालक को नींद की झपकी आ गई। जिससे उसका कैंटर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सदानंद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने चालक के पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान की तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। सीओ ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मेरठ के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में चालक को आई नींद की झपकी को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।