Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर सोमवार देर शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक ड्यूटी से घर लौट रहा था।
बाइक को जोरदार टक्कर मार दी
साबौता गांव निवासी बलराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई हेमराज ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार शाम वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सर्विस रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हेमराज गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजनों ने घायल हेमराज को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई बलराज ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ जेवर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने केस दर्ज किया
जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।