ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र विवेक शर्मा (22) अपनी बाइक से जा रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक का हेलमेट चकनाचूर हो गया और सिर कुचल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
विवेक शर्मा जेवर कोतवाली क्षेत्र के ढूढेरा गांव का रहने वाला था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।