
Accident in Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के कालपी रोड पर उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से आ रही एक ईको वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। मृतक की पहचान पवन (14) पुत्र देशराज, निवासी कुंडौरा, थाना सुमेरपुर के रूप में की गई है।
जोरदार टक्कर में वैन क्षतिग्रस्त
कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि ईको वैन हमीरपुर की ओर आ रही थी। रास्ते में पेप्सी एजेंसी के पास माल उतार रहे ट्रक के पीछे अचानक वैन जा भिड़ी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर खड़ा ट्रक बिना चेतावनी संकेत के खड़ा था, जिससे हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।