मेरठ। पानी से भरे ड्रम में डूबने से दो वर्षीय मासूब बच्ची की मौत हो गई। घटना के वक्त घर में मौजूद बच्ची की मां को झपकी लग गई। आंख खुली तो बेटी ड्रम में डूबी मिली। जिसको परिजन तत्काल डाक्टर के लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टर ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव मोड़ कलां निवासी कवींद्र ने बताया शुक्रवार की दोपहर को उसकी पत्नी निकेता व दो वर्षीय बेटी गीतांशी घर पर अकेली थी। इस बीच उनकी पत्नी को झपकी लग गई। इस दौरान संभवत: गीतांशी खेलती-खेलती घर में रखे पानी से भरे दो फीट गहरे ड्रम के पास चली गई और उसमें डूब गई। कुछ देर बाद पत्नी की आंख खुली तो बच्ची नहीं मिली। तलाश करने पर उसने ड्रम में देखा तो बच्ची उसमें डूबी हुई थी।
परिजन तत्काल बच्ची को बाहर निकालकर चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में चीख पुकार मच गई। देर शाम परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। कवीन्द्र और निकेता की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। दो वर्षीय गीतांशी उनकी इकलौती संतान थी।