पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के चार दोस्तों की खुशियों भरी यात्रा कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। घूमने के बाद घर लौट रहे चार दोस्तों की कार मेरठ के दौराला क्षेत्र स्थित सकौती फ्लाईओवर पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे खाई में जा गिरी। कई बार पलटने के बाद कार एक पेड़ से टकराकर रुकी। इस भीषण हादसे में दिल्ली के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
मृतकों की पहचान दिल्ली के करावल नगर के शिव विहार निवासी आशुतोष मिश्रा, शैलेंद्र सिंह और नितेश शर्मा के रूप में हुई है। हादसे में मिथुन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेरठ के मोदीपुरम स्थित फ्यूचर प्लस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चारों दोस्त चार दिन पहले दिल्ली से कार से नीम करौली धाम घूमने गए थे। सोमवार रात लौटने के बाद मंगलवार सुबह वे एनएच-58 के रास्ते हरिद्वार जा रहे थे। मुजफ्फरनगर पहुंचने पर उन्होंने मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के कुराली गांव में अपने एक रिश्तेदार से मिलने का कार्यक्रम बना लिया और कार वापस मेरठ की ओर मोड़ दी।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे दौराला क्षेत्र में सकौती फ्लाईओवर पर अचानक कार के अगले पहिए का टायर फट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी और करीब 25 बार पलटते हुए एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालने के दौरान क्रेन से कार हटाई गई तो एक युवक कार के नीचे दबा मिला। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर मिलते ही दिल्ली स्थित मृतकों के घरों में मातम पसर गया।