Tragic road accident in Agra: आगरा में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार कैला देवी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहा था।
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो
यह दुर्घटना चित्राहाट इलाके में आगरा-इटावा मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
5 की मौत
हादसे में पूर्व फौजी कामता प्रसाद, उनके बेटे, बहू सीमा, तीन साल की नातिन आराध्या और चालक ऋषि की मौत हो गई। मृतकों में दो लोग इटावा और तीन औरैया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। यह परिवार नवरात्रि के मौके पर दर्शन कर लौट रहा था।
यह भी देखेंःMajor weather change : दिल्ली NCR सहित यूपी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट !
घायलों को सैफई रेफर किया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।