बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में नली हुसैनपुर से बनखंडा रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 16 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार ग्राम रसूलपुर निवासी कुणाल (17) अपने दोस्त हर्ष (16) के साथ बाबूगढ़ से घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक नली हुसैनपुर-बनखंडा रोड पर पहुंची, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई।
चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
वहीं हर्ष का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।