
Tragic road accident: बहराइच जिले में बुधवार सुबह लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मदन कोठी चौराहे के पास उस समय हुआ, जब फखरपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार चारों लोग — जिनमें एक महिला, दो पुरुष और करीब एक वर्ष का बच्चा शामिल थे — की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क किनारे खाई में पलट गया और उसका चालक मौके से फरार हो गया।
मौके पर मची अफरातफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थानाध्यक्ष ब्रह्मा गोड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे में शामिल बाइक नंबर UP 40 BF 9163 विजय कुमार सिंह नामक व्यक्ति के नाम पर दर्ज है, जो लालुही (बहराइच) के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, अब तक मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है।
ट्रेलर चालक फरार, जांच जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा या चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर (UP 78 JN 9855) को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर यातायात सामान्य कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस मृतकों के परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।