बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ–बदायूं हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनुपम फा र्म हाउस के पास रोड़ी से भरे एक डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक हाईवे से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही शिकारपुर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने रोड़ी से भरे डंपर को कब्जे में ले लिया है। वहीं, मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद से हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सुचारू करा दिया।
क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।