
दादरी कोतवाली क्षेत्र के घोड़ी बछैड़ा गांव के पास शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की जान चली गई। बुलंदशहर के शेरपुर गांव निवासी मोंटू (19), श्वेत और रोहित (20) मोटरसाइकिल से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे, तभी हायर फैक्ट्री के समीप एक तेज रफ्तार और लापरवाह डंपर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक डंपर के टायरों के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को जिम्स अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों युवक गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे और ग्रेटर नोएडा में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डंपर को जब्त कर लिया और आरोपी चालक मनीष यादव, निवासी खारटवा (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है। दादरी कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और चालक के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर वे फूट-फूटकर रोने लगे। तीनों दोस्तों की एक साथ मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।