बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ–बदायूं हाईवे मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। साई धाम मंदिर के पास बोलेरो और टेंपो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में टेंपो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि टेंपो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब दोनों वाहन तेज रफ्तार में हाईवे पर आ रहे थे। अचानक सामने से आ रही बोलेरो और टेंपो की टक्कर हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शिकारपुर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से शिकारपुर सरकारी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले टेंपो चालक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है।