हापुड़। हापुड़ कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें रेलवे में तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्टेशन रोड स्थित माल गोदाम के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक अरुण कुमार उर्फ अतुल रेलवे स्टेशन पर अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद स्कूटी से अपने आवास विकास कॉलोनी स्थित घर लौट रहे थे। जैसे ही वह स्टेशन रोड (माल गोदाम) के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अतुल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाइक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक रामकेश मीना ने बताया कि अतुल पिछले चार वर्षों से हापुड़ रेलवे स्टेशन पर तैनात थे और अपने कर्तव्यों के प्रति बेहद जिम्मेदार अधिकारी माने जाते थे। उनकी अचानक मौत से रेलवे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक के परिवार में पत्नी रीना और तीन छोटे बच्चे हैं।12 वर्षीय बेटी पूर्वी, 10 वर्षीय बेटी काकू और 8 वर्षीय बेटा अभिनव। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सभी लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। अतुल मूल रूप से बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गोहरा के निवासी थे।
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बाइक सवार की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही मामले में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।