Voice SMS Recharge : मोबाइल रिचार्ज को लेकर दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने नया नियम जारी किया है। अब टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे रिचार्ज विकल्प देने होंगे, जिनमें सिर्फ कॉल और एसएमएस की सुविधा होगी और डेटा शामिल नहीं होगा। यह बदलाव खास तौर पर उन लोगों के लिए है, जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती।
सिर्फ कॉल और एसएमएस वाला रिचार्ज
नए नियम के तहत टेलीकॉम कंपनियों को अलग से ऐसे विशेष रिचार्ज देने होंगे, जिनमें केवल वॉयस कॉल और एसएमएस की सुविधा होगी। यानी अगर किसी ग्राहक को मोबाइल में इंटरनेट नहीं चाहिए तो उसे डेटा वाला पैक लेने की जरूरत नहीं होगी। इन रिचार्ज की कीमत डेटा वाले पैक के मुकाबले उचित रूप से कम रखने की बात कही गई है, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुन सकें।
30 दिन तक की वैधता वाले प्लान
नए नियम में छोटी वैधता वाले रिचार्ज पर भी खास ध्यान दिया गया है। अगर कोई कंपनी 30 दिन या उससे कम अवधि वाला कॉल, एसएमएस और डेटा वाला विशेष रिचार्ज देती है, तो उसे उसी अवधि के लिए सिर्फ कॉल और एसएमएस वाला विकल्प भी देना होगा। इससे उन लोगों को फायदा मिल सकता है, जिन्हें लंबे समय का रिचार्ज कराने के बजाय कम अवधि का सस्ता विकल्प चाहिए।
हर महीने एक तय तारीख पर होगा रिन्यू
ग्राहकों के लिए एक और सुविधा जोड़ी गई है। कंपनियों को कम से कम एक ऐसा कॉल और एसएमएस वाला रिचार्ज देना होगा, जिसे हर महीने एक ही तारीख पर दोबारा शुरू कराया जा सके। अगर किसी महीने वह तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यू की तारीख माना जाएगा। इससे हर महीने अलग-अलग तारीख याद रखने की परेशानी कम होगी।
लंबी वैधता वाला विकल्प भी जरूरी
नियम सिर्फ छोटे रिचार्ज तक सीमित नहीं है। टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक ऐसा कॉल और एसएमएस वाला रिचार्ज भी देना होगा, जिसकी वैधता 30 दिन से ज्यादा हो। यानी लंबे समय तक डेटा के बिना मोबाइल चलाने वालों के पास भी विकल्प रहेगा।
इसे भी पढ़ें : UPI पेमेंट को लेकर दूर हुआ कन्फ्यूजन, 2000 रुपये तक नहीं लगेगा जीएसटी
बुजुर्गों और कम डेटा इस्तेमाल करने वालों को फायदा
इस बदलाव का फायदा उन लोगों को मिल सकता है जो मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉल और एसएमएस के लिए करते हैं। खासकर बुजुर्गों और कम डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अब अपनी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलेगा। TRAI ने बताया कि इस बदलाव से पहले कम अवधि वाले सिर्फ कॉल और एसएमएस रिचार्ज की संख्या सीमित थी। नए नियम के जरिए ग्राहकों को ज्यादा विकल्प देने की कोशिश की गई है।