मध्यप्रदेश और आसपास के रूट पर यात्रा करने वालों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म अपग्रेड और निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए यह कदम उठाया गया है, लेकिन इससे अप्रैल महीने में सफर करने वालों को दिक्कत हो सकती है।
इन यात्रियों पर पड़ेगा ज्यादा असर
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर बैतूल स्टेशन से गुजरने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। लंबी दूरी की ट्रेनें कैंसिल होने से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। कई ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ को अलग-अलग तारीखों पर कैंसिल किया गया है।
ये भी पढ़ें : 5 April से पहले PPF में निवेश का फायदा! एक दिन की देरी से लाखों का नुकसान कैसे
कौन-कौन सी ट्रेनें रहेंगी कैंसिल
ट्रेन नंबर 18237 बिलासपुर–अमृतसर (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस) 5 से 25 अप्रैल तक कैंसिल रहेगी, जबकि 18238 अमृतसर–बिलासपुर 7 से 27 अप्रैल तक नहीं चलेगी।
गोंडवाना एक्सप्रेस (12409/12410) और समता एक्सप्रेस (12807/12808) भी अप्रैल में कई तारीखों पर कैंसिल रहेंगी, जिससे दिल्ली, रायगढ़ और विशाखापत्तनम रूट के यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
यात्रा से पहले जरूर करें जांच
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करें। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक ट्रेन या यात्रा योजना पहले से तैयार रखें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।