Train Cancelled : अगर आप सितंबर या अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। रेलवे ने 20 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के मार्ग में बदलाव करने का फैसला किया है। यह बदलाव बेगूसराय क्षेत्र में नॉन-इंटर लॉकिंग कार्य के कारण किया जा रहा है।
इन ट्रेनों का संचालन रहेगा बंद
रेलवे के अनुसार इस अवधि में राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस, उधना-मालदा टाउन स्पेशल, आसनसोल-गोरखपुर एक्सप्रेस, कोलकाता-सीतामढ़ी एक्सप्रेस, मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस, कोलकाता-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस, पुरी-जयनगर एक्सप्रेस, हावड़ा-पटना वंदे भारत स्पेशल, हावड़ा-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस और भागलपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
67 ट्रेनें रहेंगी रद्द
पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक 20 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच कुल 67 ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं 3 अक्टूबर को अकेले 36 ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा, जिससे यात्रा का समय भी प्रभावित हो सकता है।
ये भी पढ़ें : Anurag Thakur-Parvesh Verma को राहत, हेट स्पीच मामले में पुनर्विचार याचिका भी खारिज
यात्रा से पहले जरूर करें ये काम
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। नॉन-इंटर लॉकिंग कार्य के दौरान जरूरत पड़ने पर अंतिम समय में भी ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया जा सकता है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए अपनी ट्रेन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
क्यों किया गया है बदलाव?
रेलवे बेगूसराय क्षेत्र में गंगा नदी पर बने नए डबल लाइन रेल पुल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम कर रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच रेल परिचालन अधिक सुगम और बेहतर होने की उम्मीद है। फिलहाल निर्माण कार्य के कारण कुछ समय के लिए यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।