Faridabad Train Cancellation : फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते रेलवे ने कई लोकल और ईएमयू ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। स्टेशन की लाइन नंबर 4 और 5 पर करीब डेढ़ महीने तक काम चलेगा। इसी वजह से 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 64057 पलवल-गाजियाबाद, 64052 गाजियाबाद-पलवल, 64078 नई दिल्ली-पलवल, 64071 बल्लभगढ़-शाहदरा, 64013 पलवल-शाहदरा, 64908 शाहदरा-बल्लभगढ़, 64015 पलवल-शाहदरा और 64012 शाहदरा-पलवल को 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रखा जाएगा। वहीं ट्रेन संख्या 64076 नई दिल्ली-पलवल ईएमयू भी इस अवधि में प्रभावित रहेगी।
रोजाना यात्रियों को होगी परेशानी
इन ट्रेनों का सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो रोजाना नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के लिए ट्रेन से सफर करते हैं। फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, शाहदरा और गाजियाबाद रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
ये भी पढ़ें : सपा पर Yogi का बड़ा वार, पांच सांसदों वाले दल को लेकर कही ऐसी बात
ऑफिस और कॉलेज जाने वालों पर असर
हर दिन ट्रेन से ऑफिस या कॉलेज जाने वाले यात्रियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती समय पर पहुंचने की होगी। ट्रेनें रद्द होने से बस, मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन पर दबाव बढ़ सकता है। कई यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलना पड़ सकता है।
पहले चेक करें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। अचानक स्टेशन पहुंचने पर परेशानी से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, ऐप या पूछताछ सेवा का उपयोग करना बेहतर रहेगा।
डेढ़ महीने तक रहेगा असर
निर्माण कार्य के लिए 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे का कहना है कि यह काम भविष्य में बेहतर रेल संचालन और यात्री सुविधाओं के लिए किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल यात्रियों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलना ही सबसे बेहतर विकल्प होगा।