ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज Travis Head ने नए साल की शुरुआत यादगार अंदाज में की है। इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में खेले जा रहे न्यू ईयर टेस्ट में हेड ने 166 गेंदों में 163 रन की तूफानी पारी खेली। यह मौजूदा Ashes सीरीज में उनका तीसरा शतक है, जिसने इंग्लिश गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर डाल दिया।
एशेज सीरीज में लगातार तीसरा शतक
ट्रेविस हेड इससे पहले पर्थ स्टेडियम में 123 रन और एडिलेड ओवल में 170 रन की शानदार पारियां खेल चुके हैं। सिडनी टेस्ट में भी उन्होंने उसी लय को बरकरार रखा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मौजूदा एशेज में हेड ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे हैं।
डॉन ब्रैडमैन को फिर छोड़ा पीछे
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक हेड 91 रन पर नाबाद थे। तीसरे दिन उन्होंने आक्रामक अंदाज जारी रखा और 105 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 152 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया, जो एशेज इतिहास का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज 150 रन है। इस दौरान उन्होंने महान Don Bradman के 1930 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
एशेज इतिहास में सबसे तेज 150 का खास क्लब
एशेज में सबसे तेज 150 रन बनाने वालों की सूची में अब ट्रेविस हेड का नाम दो बार दर्ज हो गया है। उन्होंने 2021 में ब्रिस्बेन और अब 2026 में सिडनी में यह कारनामा किया। यह दिखाता है कि हेड बड़े मौकों पर कितनी तेजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
इसे भी पढ़ें : Mustafizur विवाद से बिगड़े रिश्ते, IPL बैन और वर्ल्ड कप ड्रामे पर आमने-सामने आए BCCI और BCB, अब आगे क्या ?
SCG पर पहली सेंचुरी, दिग्गजों के क्लब में एंट्री
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर यह हेड का पहला टेस्ट शतक रहा। इस सेंचुरी के साथ वह स्टीव वॉ, मैथ्यू हेडन, जस्टिन लैंगर और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गजों के खास क्लब में शामिल हो गए हैं। अब हेड ऑस्ट्रेलिया के सात अलग-अलग वेन्यू पर टेस्ट शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए भरोसे का नया नाम
ट्रेविस हेड की यह पारी सिर्फ एक बड़ा स्कोर नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया की मानसिक बढ़त का प्रतीक है। आक्रामक अंदाज, रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार और मुश्किल हालात में जिम्मेदारी हेड ने सिडनी में यह साबित कर दिया कि मौजूदा एशेज में वह ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी ताकत हैं।