Bihar TRE-4 Recruitment: बिहार में TRE-4 नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बताया कि राज्य में चौथे चरण TRE-4 के तहत कुल 32,388 शिक्षकों के पदों पर बहाली की जाएगी। शिक्षा विभाग ने इस भर्ती के लिए बिहार लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेज दी है। सीएम सम्राट चौधरी ने भर्तियों का आंकड़ा भी जारी कर दिया है। जिसमें बताया गया है कि कौन सी कक्षा के लिए कितने पदों पर भर्ती की जाएगी।
सीएम ने पोस्ट की शेयर
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि TRE-4 के अंतर्गत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग द्वारा अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
पदों का विवरण
कक्षा 1–5: 3,847
कक्षा 6–8: 8,563
कक्षा 9–10: 3,877
कक्षा 11–12: 16,101
कुल पद : 32,388
32,388 पदों पर होगी भर्ती
इस तरह चौथे चरण की शिक्षक बहाली में बिहार में कुल 32,388 पदों पर भर्ती होगी। पदों का विवरण देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने अंत में लिखा कि हमारी सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्द
इस ऐलान से उन शिक्षक अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो इसके लिए महीनों से इंतजार कर रहे थे। माना जा रहा है कि अगस्त महीने के पहले सप्ताह में टीआरई 4 का विज्ञापन रिलीज किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि बिहार लोक सेवा आयोग ने इस भर्ती परीक्षा के संबंध में अपनी तैयारी पूरी कर रखी है। आयोग को सरकार से पदों की अधियाचना मिलने का इंतजार था।