हरिद्वार जा रहे एक युवक की दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। परतापुर इंटरचेंज के तीव्र मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
परतापुर इंटरचेंज के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा
जानकारी के अनुसार नोएडा के मामूरा गांव निवासी अमित (24) पुत्र रामपाल सोमवार रात बाइक से हरिद्वार के लिए निकला था। देर रात जब वह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित परतापुर इंटरचेंज के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, तभी उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित बाइक से उछलकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
परिवार में कोहराम मच गया
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को खाई से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार दोपहर उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।