East Delhi News: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 48 वर्षीय शिव कुमार की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति चंदन गुप्ता घायल हो गया। दुर्घटना एसडीएम कार्यालय के सामने ओवरब्रिज के पास देहरादून की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई।
मोटरसाइकिल और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 10:31 बजे लक्ष्मी नगर थाना पुलिस को देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे की पीसीआर कॉल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक मोटरसाइकिल और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले।
मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल
हादसे में मोटरसाइकिल सवार शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल चंदन गुप्ता को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की फोटोग्राफी कराई और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले में लक्ष्मी नगर थाने में एफआईआर नंबर 343/2026 दर्ज की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1), 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।