बुलंदशहर, कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में हाईवे-34 पर गांव बोरौली कट के निकट रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे खड़ी एक ईको कार में तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ईको चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार छह से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ से सवारियां लेकर बुलंदशहर जा रहे ईको चालक राजकुमार निवासी क्रियावली रास्ते में हाईवे किनारे वाहन रोककर टायर की जांच करने के लिए नीचे उतरे थे. इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी ईको में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहन हटवाकर सामान्य कराया.