Trump Democrats Political Clash : अमेरिका के मिडटर्म चुनाव 2026 में डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत के बाद भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनका प्रशासन पीछे हटने के मूड में नहीं है। चुनावी नतीजों को राजनीतिक संदेश मानकर नीतियों में बदलाव करने के बजाय व्हाइट हाउस ने विपक्ष के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दो वर्षों में सत्ता और नीतियों को लेकर टकराव तेज हो सकता है। इसी रणनीति के तहत व्हाइट हाउस ने 13 सूत्रीय घोषणापत्र जारी कर अपनी प्राथमिकताएं और विपक्ष के खिलाफ रुख स्पष्ट किया है।
व्हाइट हाउस ने हार मानने से किया इनकार
व्हाइट हाउस ने अपने बयान में दावा किया कि ट्रंप के राजनीतिक भविष्य को लेकर पहले भी कई बार की गई भविष्यवाणियां गलत साबित हुई हैं और इस बार भी ऐसा ही होगा। प्रशासन ने कट्टर वामपंथियों, मीडिया आलोचकों और कथित तौर पर डर का माहौल बनाने वालों पर निशाना साधा। उसका कहना है कि ट्रंप के राजनीतिक अंत की घोषणा करने वाले लोग पहले भी गलत साबित हुए हैं। इस बयान से साफ है कि चुनावी नतीजों के बावजूद प्रशासन अपने समर्थकों के सामने कमजोर पड़ने का संदेश नहीं देना चाहता। व्हाइट हाउस ने विपक्ष की जीत को राष्ट्रपति के एजेंडे के खिलाफ जनादेश मानने से भी इनकार किया है।
आने वाले दो साल में बढ़ेगा टकराव
कैपिटल हिल में सत्ता परिवर्तन की तैयारियों के बीच व्हाइट हाउस ने संकेत दिया है कि डेमोक्रेट्स ट्रंप प्रशासन की प्रमुख नीतियों को पलटने की कोशिश करेंगे। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि विपक्ष अपने इस मकसद में सफल नहीं हो पाएगा। उसने ट्रंप के कार्यकाल की रूढ़िवादी उपलब्धियों को सुरक्षित रखने का संकल्प भी दोहराया है।
सीमा सुरक्षा और टैक्स पर सियासी जंग
घोषणापत्र में उन मुद्दों का जिक्र किया गया है, जिन पर दोनों दलों के बीच टकराव बढ़ने की आशंका है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, डेमोक्रेट्स सीमा सुरक्षा से जुड़े उपायों को कमजोर कर सकते हैं और अवैध प्रवासियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को पलटने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा प्रशासन ने विपक्ष पर टैक्स बढ़ाने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें : Diwali के दिन बंद नहीं रहेगा बाजार, रविवार को इस समय खुलेंगे शेयर एक्सचेंज
ग्रीन न्यू डील से DEI तक निशाने पर
व्हाइट हाउस ने दावा किया कि डेमोक्रेट्स ग्रीन न्यू डील को दोबारा लागू करने, DEI यानी समानता और समावेश से जुड़े कार्यक्रमों को बहाल करने और सेंसरशिप व्यवस्था फिर शुरू करने की कोशिश करेंगे। बयान में नाबालिगों के लिए ट्रांसजेंडर सर्जरी से जुड़े प्रावधानों को बहाल करने और अवैध प्रवासियों को संरक्षण देने की आशंका भी जताई गई है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट में अपनी पसंद के न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा गया।
हार को अस्थायी बाधा बता रहा प्रशासन
चुनावी नतीजों को व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति के खिलाफ जनादेश मानने के बजाय अस्थायी राजनीतिक बाधा बताया है। प्रशासन का दावा है कि अमेरिकी जनता उसके बुनियादी एजेंडे का समर्थन करती है और डेमोक्रेट्स की कोशिशें सफल नहीं होंगी। बयान के अंत में ट्रंप प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह अगले दो वर्षों तक अपने फैसलों और नीतियों का बचाव करता रहेगा। व्हाइट हाउस के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप राजनीतिक लड़ाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं।