अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अगर भारत पर कभी हमला होता है तो अमेरिका उसकी मदद करेगा। भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते के काफी करीब पहुंच चुके हैं। उनके इन बयानों से दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का संकेत मिलता है।
दुनिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा
ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस के एवियन शहर में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई द्विपक्षीय बैठक में ये बातें सामने आईं। इस बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा, पश्चिम एशिया, समुद्री सुरक्षा और दुनिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को कैसे देखते हैं
बैठक के दौरान सबसे अहम चर्चा अमेरिका और भारत के रक्षा संबंधों को लेकर हुई। जब ट्रंप से पूछा गया कि वह भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को कैसे देखते हैं, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा रिश्ता है।" उन्होंने कहा कि हमारे बीच ऐसा कोई औपचारिक समझौता नहीं है, लेकिन अगर भारत पर हमला हुआ तो हम उसकी मदद के लिए जरूर मौजूद रहेंगे।
अमेरिका के सुरक्षा संबंधों के लिए मजबूत
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कोई नया नेता होगा तो मैं उसके बारे में नहीं जानता। अगर पीएम मोदी होंगे और भारत पर हमला होगा, तो हम उनकी मदद करेंगे। ट्रंप की यह टिप्पणी भारत के साथ अमेरिका के सुरक्षा संबंधों के लिए उनके सबसे मजबूत सार्वजनिक समर्थन में से एक मानी जा रही है।
भारत के साथ बहुत अच्छी बातचीत
ट्रंप ने कई बार भारत-अमेरिका संबंधों और प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों की सराहना की। बैठक की शुरुआत में ट्रंप ने कहा कि मेरी और प्रधानमंत्री मोदी और भारत के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई है। हम व्यापार समझौतों पर काम कर रहे हैं। भारत और अमेरिका के बीच कई चीजें आगे बढ़ रही हैं और बहुत कुछ हो रहा है।