राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ पूरी तरह से युद्ध जीत लिया है। तेहरान की सैन्य क्षमताओं का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो गया है। ट्रंप ने आगे कार्रवाई से पहले बातचीत के लिए दस दिन का समय दिया। रिपोर्ट के अनुसार, एक फोन इंटरव्यू में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सैन्य अभियान ने ईरान की युद्ध लड़ने की क्षमता को खत्म कर दिया है। ट्रंप ने कहा, “हमने पहले ही युद्ध जीत लिया है। सैन्य दृष्टि से हमने पूरी तरह युद्ध जीत लिया है।”
परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था
उन्होंने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना था और चेतावनी दी कि दुश्मन शासन को ऐसी क्षमताएं नहीं मिलनी चाहिए। आप किसी पागल व्यक्ति को या किसी पागल विचारधारा को परमाणु हथियार नहीं दे सकते।
सैन्य ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचाने का दावा
ट्रंप ने अमेरिकी अभियान के पैमाने का विवरण देते हुए ईरान के सैन्य ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि हमने उनकी नेवी को नष्ट कर दिया है, उनकी एयर फोर्स को नष्ट कर दिया है। हमने उनके अधिकांश मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। साथ ही साथ उनका मिसाइल लॉन्च सिस्टम और संचार नेटवर्क भी निशाना बने हैं।
ईरान के नेतृत्व संरचना को भी निशाना बनाया
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी बलों ने ईरान के नेतृत्व संरचना को भी निशाना बनाया। हमने उनके नेताओं को खत्म कर दिया। वे सभी अब अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम उन्हें उस स्थिति में नहीं देखना चाहते थे।
कार्रवाई को रोकने का निर्णय लिया
ट्रंप दावा किया कि उन्होंने ईरान के अनुरोध पर आगे बढ़ने वाली कार्रवाई को रोकने का निर्णय लिया। उन्होंने मुझसे पूछा, क्या हमें और समय मिल सकता है? इसलिए मैंने उन्हें दस दिन का समय दिया है।
पावर प्लांट्स को नष्ट कर दूंगा
ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ तो नए हमले होंगे। अगर उन्होंने वह नहीं किया जो करना था, तो मैं उनके पावर प्लांट्स को नष्ट कर दूंगा। उन्होंने तर्क दिया कि अमेरिकी हस्तक्षेप केवल राष्ट्रीय सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्थिरता के लिए भी है। हम दुनिया को एक बड़ा लाभ पहुंचा रहे हैं।